ओरमांझी:
ओरमांझी स्थित सदमा प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय (Sadma Project Plus Two High School) की छात्राओं से छेड़खानी करने के चार आरोपियों को रविवार की शाम रांची पुलिस (Ranchi Police) ने गिरफ्तार कर लिया। इन्हें ओरमांझी के विभिन्न इलाकों से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुजम्मिल अंसारी, फिरदौस अंसारी, जमील अंसारी और तौफीक अंसारी शामिल हैं। जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

अक्सर स्कूल की दीवार फांदकर घुस जाते थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी तौफीक अंसारी एक प्रतिष्ठित स्कूल की 11वीं का छात्र है। बाकी सभी आरोपी रंग-रोगन का काम करते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है। पुलिस को जांच में पता चला है कि आरोपी अक्सर स्कूल की दीवार फांदकर घुस जाते थे। छात्राओं से छेड़खानी करते थे। रोक-टोक करने पर धमकी भी दिया करते थे। एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इधर इस मामले को लेकर ग्रामीण में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि छेड़खानी करने वाले आरोपियों को प्रशासन सख्त सजा दिलाए।
एसएसपी ने SIT का टीम का गठन
जानकारी मिलने के बाद SSP ने SIT का गठन किया। DSP के नेतृत्व में गठित एसआईटी में इंस्पेक्टर व एसआई थे। एसआईटी की टीम ने स्कूल से लगे CCTV कैमरे के फुटेज खंगाले। मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों को धर-दबोचा।

महीनों से छेड़खानी का शिकार हो रही थीं छात्राएं
बता दें कि रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में स्थित प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय, सदमा की छात्राएं महीनों से छेड़खानी का शिकार हो रही थीं। लेकिन छेड़खानी करने वाले बदमाशों के खौफ से जुबान बंद रखी थी। इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को भी थी, पर कार्रवाई नहीं की। शिक्षक दिवस पर जब छात्राओं को हथियार के बल पर उठाने और स्कूल के लिपिक को जान से मारने की धमकी दी गई तो स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी।